
तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन पर मयंक गोयल ने जताया आभार, सभी सहयोगियों का किया सम्मान
— Wednesday, 14th May 2025गाजियाबाद। भारत माता के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के उपरांत भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजन से जुड़े सभी 25 स्वागत केंद्रों के संयोजकों, सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं एवं संस्थाओं के प्रमुखों का स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी मयंक गोयल के कुशल नेतृत्व और समन्वय क्षमता की सराहना की और पूरी टीम को बधाई दी। सभी ने एक स्वर में कहा कि इस प्रकार की ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन तभी संभव हो सका क्योंकि संगठन में दृढ़ इच्छाशक्ति और एकजुटता थी।
मयंक गोयल ने कहा, "तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति की अभिव्यक्ति थी। इस यात्रा में हर कार्यकर्ता, हर नागरिक ने जोश और गर्व के साथ भाग लिया। मैं सभी सहयोगियों, संस्थाओं और गाजियाबाद की जनता का दिल से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सहयोग से यह ऐतिहासिक आयोजन संभव हुआ। यह हमारी एकता और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है।"
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए हमेशा राष्ट्रहित में ऐसे आयोजन करता रहेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ आगे भी कार्य करें।