
साहिबाबाद विधानसभा में “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” का ऐतिहासिक आयोजन
— Sunday, 18th May 2025कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही मुख्य आकर्षण
साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत “भारत शौर्य तिरंगा यात्रा” का भव्य आयोजन किया गया। यह यात्रा शालीमार गार्डन स्थित मंगल पांडेय चौक से आरंभ होकर भारत माता चौक तक गई, जिसमें देशभक्ति का अद्भुत उत्साह एवं जनसैलाब देखने को मिला। यात्रा मार्ग पर भारत माता की जयघोष और तिरंगा लहराते देशभक्तों की टोली ने एकता, अखंडता और देश के प्रति समर्पण का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।
इस ऐतिहासिक यात्रा के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा जी रहे।
यात्रा का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल जी द्वारा किया गया, जिन्होंने साहिबाबाद की जनता एवं कार्यकर्ताओं को एकजुट कर भारत माता के सम्मान में यह ऐतिहासिक आयोजन कराया। कार्यक्रम के मुख्य संयोजक श्री सचिन डेढ़ा जी (महानगर संयोजक) रहे। साथ ही श्री संदीप चौधरी जी एवं श्री आशीष चौधरी जी (दोनों विधानसभा सह-संयोजक) ने यात्रा की सफलता में सक्रिय भूमिका निभाई।
यात्रा में सम्मानित मंडल अध्यक्ष गण, पार्षद गण, मोर्चों प्रकोष्ठों, महानगर पदाधिकारियों के साथ देव तुल्य कार्यकर्ता गण एवं भारी संख्या में स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे, जिनकी अनुशासित भागीदारी ने आयोजन को भव्य और प्रेरणादायक बनाया।
कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा जी ने कहा:
“भारत शौर्य तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह भारत माता के सम्मान और हमारी राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रत्यक्ष प्रमाण है। साहिबाबाद की धरती से निकली यह प्रेरणादायक यात्रा देश के कोने-कोने में राष्ट्र प्रेम की चेतना को और सशक्त करेगी।”
महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल जी ने कहा:
“तिरंगे के साए में साहिबाबाद की जनता ने एकजुट होकर जो संकल्प और अनुशासन दिखाया है, वह गर्व का विषय है। मैं उन सभी कार्यकर्ताओं, पार्षदगण, संयोजकों व नागरिकों का आभार प्रकट करता हूं, जिनकी सहभागिता से यह यात्रा सफल व ऐतिहासिक बनी।”